सेना प्रमुख जनरल विक्रम सिंह, आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (अव्वा) की अध्यक्ष श्रीमती बब्बल सिंह के साथ 12 जुलाई को उत्तरी कमान के मुख्यालय उधमपुर पहुंचे। अपनी विदाई के सिलसिले में यहां पहुंचे सेना प्रमुख ने इससे पहले श्रीनगर में 15वीं कंपनी के मुख्यालय का भी दौरा किया। उन्होंने जम्मू कश्मीर के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की। उधमपुर में जनरल विक्रम सिंह ने ध्रुव युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजली दी। उन्होंने उत्तरी कमान मुख्यालय में सभी रैंक के जवानों को संबोधित किया और उनसे भावभीनी विदाई ली। अपने संबोधन में उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को अनुकरणीय कार्य, आतंकवादी विरोधी कार्रवाइयों के दौरान दोस्ताना रवैया और उत्तरी सीमा की रक्षा के साथ साथ जनता को मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए बधाई दी।
उन्होंने सेना की महान परंपरा, सदाचार और मान्यताओं पर जोर देते हुए कहा कि वो अपने कार्य और उत्तरदायित्व के निर्वहन में इन बातों का ध्यान रखें। श्रीमती बब्बल सिंह ने उधमपुर में आयोजित एक समारोह में 21 वीर नारियों को सम्मानित किया। उन्होंने अकादमिक क्षेत्र में बेहतरीन उपलब्धि पाने वालों को यंग अचीवर्स अवार्ड और अव्वा के कार्यकलाप में शानदार योगदान देने वालों को अव्वा अचीवर्स अवार्ड से भी सम्मानिक किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सभी रैंक के अधिकारी और जवान उपस्थित थे। जनरल विक्रम सिंह 31 जुलाई 2014 को अवकाश ग्रहण कर रहे हैं।