सौरभ चन्द्रा ने भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में सचिव पद का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने इस पद पर श्री विवेक राय का स्थान लिया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1978 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी श्री चन्द्रा इससे पहले 17 अप्रैल, 2012 से औद्योगिक नीति और संवर्धन विभाग, भारत सरकार में सचिव थे। इससे पहले वे इसी विभाग में अतिरिक्त सचिव थे। उनका अपने कैडर और केंद्र सरकार दोनों में ही आर्थिक प्रशासन का खासा अनुभव रहा है। इसमें 2002-2007 से वित्त मंत्रालय और भारत सरकार के संयुक्त सचिव पद का अनुभव शामिल है। अपने कैडर में और भारत सरकार में उन्होंने विभिन्न पदों पर 35 वर्ष तक कार्य किया। चन्द्रा रसायन और उर्वरक मंत्रालय के उर्वरक विभाग में निदेशक के पद पर कार्य करते हुए ओमान-भारत की उर्वरक परियोजना से जुड़े रहे। यह किसी भी केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम/बहु-राज्य सहकारी समिति की सबसे सफल योजना रही। वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आईआईटी कानपुर से इलैक्ट्रीकल इंजीनियरिंग स्नातक हैं और उन्होंने प्रबंधन में डिप्लोमा भी किया है।