चंडीगढ़ - भारतीय डाक विभाग ने कुल 3000 एटीएम स्थापित करने का निर्णय लिया है जिसमें से 1000 एटीएम वर्ष 2014 के अन्त तक स्थापित किये जाने प्रस्तावित हैं।
डाक विभाग की सचिव सुश्री पी. गोपीनाथ ने आज गुडग़ांव में डीएलएफ कुतुब एन्कलेव फेस-1, पोस्ट ऑफिस के नए भवन का उद्घाटन करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 6 राज्यों नामत: तामिलनाडु, कर्नाटका, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश क्षेत्र में कुल 27 डाकघर पहले ही क्रियान्वित किये जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस भवन का निर्माण लगभग 466.88 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया गया है। इस नए भवन के निर्माण से डाक कर्मचारियों और जनसाधारण के समक्ष आ रही समस्याओं का निदान होगा। उन्होंने बताया कि मई 2013 में इस भवन का निर्माण कार्य आरम्भ हुआ था और यह निर्माण कार्य जनवरी 2014 में पूरा हो गया।
उन्होंने महत्वकांक्षी आईटी आधुनिकीकरण परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस पोस्ट ऑफिस में आईटी आधारित मंच उपलब्ध हो जाएगा। इस पोस्ट ऑफिस में बचत बैंक और डाक जीवन बीमा सहित वित्तीय सेवाएं आरम्भ हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि इसमें कोर बैंकिंग सोल्यूशन (सीबीएस) का क्रियान्वयन पहले ही प्रगति अधीन है और इस पोस्ट ऑफिस में नए-नए सीबीएस मंच उपलब्ध हो रहे हैं।