आप नेता नरिंदर भाटिया ने कराया निःशुल्क धार्मिक यात्रा का आयोजन, विजय पाल और पार्षद हरदीप सिंह ने दिखाई हरी झंडी
चंडीगढ़, 12 नवंबर - आम आदमी पार्टी के स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी नरिंदर भाटिया की ओर से नगर निगम के वार्ड नंबर-34 के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-45 और 46 के श्रद्धालुओं के लिए माता चिंतपूर्णी और माता ज्वाला जी के दर्शनों हेतु निःशुल्क धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। सेक्टर-45 स्थित सनातन धर्म मंदिर से श्रद्धालुओं का जत्था माता के जयकारों के बीच रवाना हुआ। इस धार्मिक यात्रा को आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के अध्यक्ष विजय पाल और पार्षद हरदीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लोगों की मांग और उत्साह को देखते हुए पहले निर्धारित एक बस के स्थान पर टेंपो ट्रैवलर की व्यवस्था की गई, ताकि श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से माता के दर्शनों के लिए रवाना हो सकें।
इस मौके पर नरिंदर भाटिया ने कहा कि धार्मिक यात्राओं के आयोजन का उद्देश्य लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। भविष्य में भी क्षेत्रवासियों की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।