नई दिल्ली - सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में बुधवार को कामकाज थम सकता है। बैंक कर्मचारी संघों ने वेतन बढ़ाने सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए एक दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक कर्मचारियों की यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के संयोजक सीएच वेंकटचलम ने बताया कि मुख्य श्रमायुक्त के समक्ष यूनियनों और बैंक मालिकों के संगठन ‘भारतीय बैंक संघ’(आईबीए) की सोमवार को हुई सुलह समाधान बैठक में सहमति नहीं बनी।
बैंक प्रबंधन ने कर्मचारी संघों के हड़ताल के आह्वान को देखते हुए ग्राहकों को पहले ही संभावित असुविधा से अवगत करा दिया है। सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न बैंकों ने ग्राहकों को जारी संदेश में कहा है कि कर्मचारियों को एक वर्ग बुधवार को प्रस्तावित हड़ताल में भाग ले सकता है, जिससे बैंक शाखाओं और कार्यालयों में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।