नई दिल्ली - दिल्ली में ठंड के साथ ही कोहरा भी बढ़ता जा रहा है। इस कारण ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। जहां ट्रेनें घंटों देरी से अपने गंतव्य पर पहुंच रही हैं। वहीं नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली सहित राजधानी के अन्य प्रमुख स्टेशनों से कई ट्रेनें काफी देरी से रवाना हुर्इं। दिल्ली-एनसीआर से काफी संख्या में नौकरी व अन्य कारोबार करने वाले लोग ट्रेन के माध्यम से आवाजाही करते हैं। लेकिन, पिछले दो दिनों से कोहरे की वजह से ट्रेनों की टाइम टेबल बिगड़ गई है। जहां लंबी दूरी की ट्रेनें दो से छह घंटे विलंब से चल रही हैं। वहीं पैसेंजर गाड़ियां भी आधे घंटे से दो घंटे की देरी से चल रही है। स्टेशनों के पूछताछ काउंटर पर ट्रेन के बारे में जानकारी लेने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ लग रही है।
मंगलवार रात से ही एयरपोर्ट पर दोबारा से घना कोहरा छाने लगा था। सुबह तक रनवे पर दृश्यता का स्तर काफी गिर गया। नतीजतन हवाई यातायात बाधित रहा। मंगलवार को कई उड़ानें रद्द की गर्इं और कई को दूसरे एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट मौसम विभाग के मुताबिक अभी कुछ और दिन राजधानी में मौसम का यही हाल रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि रात होते ही कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। आधी रात बाद कोहरे की परत ने दोबारा से आइजीआइ एयरपोर्ट को ढक लिया। घने कोहरे के कारण रात 1.30 बजे रनवे पर सामन्य दृश्यता का स्तर 200 मीटर से भी नीचे चला गया था।