नई दिल्ली - रेलवे बोर्ड के अभियांत्रिकी सदस्य सुबोध जैन ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ तकनीशियन एवं सीडीआई उदयन पी. भांगे तथा दक्षिण-पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ सीडीआई वीवी मराठे को राजधानी दिल्ली में नागरिक रक्षा सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति के होमगार्ड और नागरिक रक्षा पदकों से सम्मानित किया है।
रेलवे कर्मचारियों को नागरिक रक्षा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मान से नवाजा गया है।
इस मौके पर जैन ने प्राकृतिक आपदा एवं रेल दुर्घटनाओं में भारतीय रेलवे की मदद करने में नागरिक रक्षा गतिविधयों की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे की इस नागरिक रक्षा इकाई ने ना केवल रेल दुर्घटनाओं के दौरान बल्कि प्राकृतिक आपदाओं जैसे दक्षिण भारत में सुनामी तथा उत्तराखंड में हाल ही में हुए भूस्खलन के समय बहुत महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी।