नई दिल्ली - नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने आज यहां गोवा हवाई अड्डे पर एक नई एकीकृत टर्मिनल इमारत का उद्घाटन किया। सिंह ने इसे राज्य के लोगों को समर्पित करते हुए कहा कि बढ़ते हवाई यातायात तथा यात्रियों की संख्या के मद्देनजर गुणवत्ता युक्त विमानन आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना उनके मंत्रालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गोवा जैसे पर्यटन एवं औद्योगिक केन्द्र के लिए हवाई अड्डे का विस्तार एवं उन्नयन काफी महत्व रखता है।
इस अवसर पर सिंह ने देश के आर्थिक क्षेत्र में गोवा के कुल योगदान की चर्चा करते हुए कहा’ गोवा से प्रति वर्ष एक हजार से अधिक अंतर्राष्ट्रीय चार्टर उड़ानों का संचालन होता है जो भारत की अंतर्राष्ट्रीय चार्टर उड़ानों का लगभग 90 प्रतिशत है। वर्ष 2012-13 में गोवा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 1208 चार्टर उड़ानों का संचालन हुआ जो वर्ष 2011-12 की तुलना में 45 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने गोवा हवाई अड्डे पर इस नई एकीकृत इमारत के विकास में गोवा सरकार तथा भारतीय नौसेना की भूमिका की सराहना की।
विमानन मंत्री ने कहा’ अगले दस वर्षों में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या मौजूदा वर्ष 2012-13 के 117 मिलियन से बढ़कर 336 मिलियन से अधिक और अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्रियों की संख्या 43 मिलियन से बढ़कर 84 मिलियन के आंकड़े को पर कर जाएगी।
इस नए टर्मिनल में घरेलू तथा अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को संचालित करने की क्षमता है और यह सभी सुविधाओं-यात्रियों के चढ़ने वाले पुलों, सीयूटीआई आधारित चेक इन काउंटर्स, इनलाइन कम्पैटिबल बैगेज, सॉफ्टवेयर आधारित इमारत प्रबंधन प्रणाली, एलीवेटर्स और एस्केलेटर्स से युक्त है। व्यस्त समय में इस इमारत में 2750 यात्री आ जा सकते हैं। इसके निर्माण में 345 करोड़ रुपये का खर्च आया है।