नई दिल्ली - पयर्टन मंत्रालय ने 'वॉकिंग टूर्स' मंच की शुरूआत के लिए जेनेसिस इंटरनेशनल के साथ सहभागिता की है। ये किसी भी देश में की गई अपनी तरह की पहली शुरूआत है। 'वॉकिंग टूर्स' एक अनोखा तथा रोमांचक कार्यक्रम है जिसके द्वारा प्रयोगकर्ता कई शहरों में जा सकेंगे जो रोचक विषयों पर आधारित होंगे।
इस सेवा की शुरूआत आज राजधानी में की गई जिसमें पर्यटन मंत्रालय तथा जेनेसिस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस पहल के एक हिस्से के रूप में वोनोबोडॉटकॉम वेबसाइट की शुरूआत की गई। 54 भारतीय शहरों में 'सड़कों से होते हुए गुजरने' की योजना प्रदान करने वाली भारत की पहली स्थान आधारित सेवा के रूप में इसे दर्शाया गया है। यह वेबसाइट यूजर जनरेटिड कन्टेन्ट (यूजीसी) का आधार है। यह विशिष्ट सोशल मीडिया क्षमताओं को प्रदान करता है तथा स्थानीय समुदाय की ऑनलाईन रचना में सुगमता प्रदान करता है।
पर्यटन मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस नई पहल का उददेश्य पर्यटक को अपने भ्रमण की योजना बनाने का सामर्थ्य प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने दो साल के अन्दर प्रत्येक राज्य में एक 'वॉकिंग टूर' का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सेवा की शुरूआत के लिए विश्व में भारतीय पर्यटन मंत्रालय ने पहली बार पहल की है।
जेनेसिस इंटरनेशनल ने नई सेवा की विशेषताओं को उजागर किया जो पहले-पहल 5 प्रमुख भारतीय शहरों के बारे में उपलब्ध होगी तथा जल्द ही कुछ हफ्तो के दौरान इसमें शीर्ष 54 शहर भी शामिल हो जाएंगे। जेनेसिस इंटरनेशनल ने बताया कि हज़ारों वर्ग किलोमीटर तथा देश भर के पर्यटन विषय से संबंधित 10 लाख स्थानों के विहंगम दृश्यों का नक्शा बना लिया जाएगा। जिन 5 शहरों के भ्रमण की आज शुरूआत की गई, वे हैं हैदराबाद, दिल्ली, मुम्बई, तटवर्ती गोआ तथा अहमदाबाद।
वेबसाइट के एक भाग स्वरूप, प्रयोगकर्ता गतंव्यों का 360 डिग्री दृश्य तथा और भी बहुत कुछ देख सकेंगे। वे 'अभिरूचि के बिन्दू' जैसे स्थान, होटल, खुदरा केन्द्र, स्मारक, पार्क इत्यादि के बारे में जानकारी ले सकेंगे तथा कई प्रमुख स्थानों के आतंरिक भागों को भी देख सकेंगे जो लाखों जगह के डाटाबेस पर आधारित होंगे।