नई दिल्ली - कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री राज्य तारिक अनवर ने आज 'निवेशक पोर्टल' का आरंभ किया।
इस पोर्टल का उद्देश्य विशेष रूप से निवेशकों को खाद्य प्रसंस्करण् इकाईयां स्थापित करने के लिए ढांचागत सुविधाएं, कच्चे माल की उपलब्धता, विपणन ढांचे, क्षेत्र विशेष के लिए राज्य एजेंसियों तथा राजस्व प्रोत्साहनों के विषय में सरल तरीकों से जानकारी देने तथा जानकारी से पूर्ण निर्णय लेने में सहायता देना है।
यह वेब पोर्टल जानकारी वितरित करने के अतिरिक्त निवेशकों के प्रश्नों को सुलझाने के साथ आरंभिक चरण में उनके द्वारा इकाईयां स्थापित करने के लिए सेवा भी मुहैया कराएगा।
'निवेशक पोर्टल' को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की वेबसाईट www.mofpi.nic.in पर देखा जा सकता है।
तारिक अनवर ने ''कृषि व्यवसाय में अवसर'' नामक संकलन भी जारी किया। इसमें विभिन्न राज्यों का विस्तृत विवरण दिया गया है। इसमें उत्पादन आधार, कच्चे माल की उपलब्धता, कृषि विपणन सरंचना, निवेश क्षमता तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के विकास के लिए राज्यों की नीतियां शामिल हैं।