27 जनवरी को होगा उद्घाटन, 28 से 31 जनवरी तक चलेंगी प्रतियोगिताएँ
पिलानी, 22 जनवरी, सीएसआईआर–केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीरी), पिलानी द्वारा सीएसआईआर–स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (CSPB), नई दिल्ली के तत्वावधान में दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं—आत्माराम मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट (AMVT) एवं नायुडम्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (NMCT)—का आयोजन किया जा रहा है।
इन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन समारोह 27 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा, जबकि खेल मुकाबले 28 से 31 जनवरी 2026 तक सीएसआईआर-सीरी परिसर, पिलानी में संपन्न होंगे। यह आयोजन टीमों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है जिसमें केंद्र सरकार के वैज्ञानिक एवं अन्य संगठनों, मंत्रालयों-विभागों की टीमें प्रतिभागिता करेंगी।
इस खेल आयोजन में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST), राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC), वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) तथा सीएसआईआर-सीरी की टीमें भाग लेंगी।
इन खेल आयोजनों के माध्यम से न केवल खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि वैज्ञानिक एवं प्रशासनिक संस्थानों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और टीम भावना को भी मजबूती मिलेगी। यह आयोजन ‘स्वस्थ शरीर, सशक्त मस्तिष्क’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
जनसंपर्क अधिकारी रमेश बौरा ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठित प्रतियोगिताएँ सीएसआईआर के दिवंगत महानिदेशकों डॉ आत्मा राम (1966-1971) तथा डॉ वाई. नायुडम्मा (1971-77) की स्मृति में आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि उद्घाटन अवसर पर इस आयोजन की स्मृति में एक स्मारिका (Souvenir) का भी विमोचन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों के संदेशों के साथ आयोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।