सीएसआईआर–सीरी में लैंगिक उत्पीड़न निवारण सप्ताह के उपलक्ष्य में जागरूकता व्याख्यान का आयोजन
पिलानी, 20 दिसंबर, भारत सरकार के निर्देशानुसार सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में मनाए जा रहे लैंगिक उत्पीड़न निवारण सप्ताह–2025 के अंतर्गत सीएसआईआर–केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर–सीरी), पिलानी में कर्मचारियों को कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित नियमों तथा इस संबंध में भारत सरकार के उद्देश्यों के प्रति जागरूक करने हेतु आमंत्रित व्याख्यान का आयोजन किया गया। प्रोफेसर संगीता शर्मा, विभागाध्यक्ष, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग, बिट्स पिलानी ने लैंगिक संवेदनशीलता विषयक रोचक एवं उपयोगी व्याख्यान दिया।
प्रोफेसर संगीता शर्मा ने कार्यस्थल पर महिला कार्मिकों के प्रति सम्मान, गरिमा और समानता के महत्व को रेखांकित किया और ‘उत्पीड़न’ शब्द को सरल शब्दों में परिभाषित करते हुए उदाहरण सहित समझाया। उन्होंने विषय को अपनी विशिष्ट हास्ययुक्त शैली में प्रतिभागियों से परस्पर चर्चा करते हुए अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रोफेसर शर्मा ने अपने व्याख्यान में सीएसआईआर–सीरी की आंतरिक शिकायत निवारण समिति (आईसीसी) की भूमिका, दायित्वों एवं कार्यप्रणाली को भी स्पष्ट किया तथा कर्मचारियों को समिति से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
इससे पूर्व कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीएसआईआर–सीरी के निदेशक डॉ. पी. सी. पंचारिया ने कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समावेशी वातावरण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने को संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम संवेदनशीलता बढ़ाने और स्वस्थ कार्य संस्कृति विकसित करने में सहायक होते हैं।
प्रशासन नियंत्रक मधुरंजन पाण्डेय ने अतिथि का औपचारिक परिचय दिया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन रमेश बौरा, वरिष्ठ हिंदी अधिकारी करते हुए उन्होंने अतिथि वक्ता का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान सक्रिय सहभागिता करते हुए कर्मचारियों ने चर्चा में भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम अत्यंत जीवंत एवं सार्थक बन सका। यह कार्यक्रम कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।