पिलानी - बीके बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों ने 26 सितम्बर 2025 को सीएसआईआर– सीरी, पिलानी का शैक्षणिक दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य छात्रों को अत्याधुनिक सेंसर आधारित तकनीकों और नवीनतम शोध कार्यों से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने विभिन्न सेंसर तकनीकों, सेमीकंडक्टर के प्रकारों तथा उनके निर्माण प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सिलिकॉन सब्सट्रेट पर डायमंड ग्रोथ की प्रक्रिया और प्लाज़्मा जनरेशन मशीन को भी देखा। साथ ही हेल्थकेयर अनुप्रयोगों से जुड़े चल रहे कई शोध परियोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की।
इलेक्ट्रॉनिक्स साइंस गैलरी में छात्रों ने सेंसर और मशीनरी के विकास को नजदीक से देखा और पुरानी तकनीकों की तुलना आधुनिक तकनीकों से की। इस अनुभव ने छात्रों को नवीनतम तकनीकों की दिशा में प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक प्रो. बी. के. राउत ने ऐसे शैक्षणिक दौरों की सराहना करते हुए कहा कि यह छात्रों के तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक समझ को बढ़ाने में अत्यंत सहायक हैं। प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने भी इस पहल की प्रशंसा की और सुझाव दिया कि छात्रों के व्यापक दृष्टिकोण के लिए ऐसे औद्योगिक एवं अनुसंधान दौरे नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम का सफल आयोजन सहायक प्रोफेसर विकास कुमार, सुश्री मोनिका शेखावत और श्री राजेश सिंह शेखावत द्वारा किया गया, जिसमें विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता पारीक, डॉ. निशांत कुमार, श्री अनुज शर्मा और श्री सुरेंद्र कुमार शर्मा का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। यह शैक्षणिक यात्रा छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रही, जिससे उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों को समझने और शोध कार्यों की दिशा में आगे बढ़ने का उत्साह मिला।