प्रतियोगिताओं के विजेताओं को समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में किया जाएगा पुरस्कृत
पिलानी, 2 सितम्बर, सीएसआईआर-केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीरी), पिलानी में हिंदी पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ हुआ। पखवाड़े का आरंभ प्रश्न मंच (क्विज़) से हुआ, जिसमें प्रतिभागियों से सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं, सतर्कता, खेल, सिनेमा आदि विषयों पर प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने बड़ी उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहनस्वरूप अच्छी गुणवत्ता वाला पेन भेंट किया गया। प्रश्न मंच (क्विज़) का संचालन संस्थान की राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. विजय चटर्जी ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ हिंदी अधिकारी श्री रमेश बौरा ने पखवाड़े की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पखवाड़े के दौरान आशुभाषण, वाद-विवाद, प्रशासनिक प्रस्तुतीकरण, तकनीकी प्रस्तुतीकरण, कविता पाठ आदि आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हिंदी पखवाड़े से पूर्व भी 7 प्रतियोगिताएं आयोजित की जा चुकी हैं तथा संस्थान में हिंदी प्रतियोगिताओं एवं अन्या आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों को कार्यालयी कार्य में राजभाषा के उपयोग के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित किया जाता है। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. पी.सी. पंचारिया द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।