नयी दिल्ली - नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस के बाद अब नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए मुफ्त वाई-फाई इंटरनेट सेवा शुरू करने जा रही है। उत्तर रेलवे के सूत्रों ने बताया कि नयी दिल्ली स्टेशन पर वाई-फाई सेवा पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की जा रही है। इसके बाद देश के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी इसे शुरू किया जाएगा। इसपर 80 से 90 लाख रुपये का खर्च आएगा, जिसे रेलवे वहन करगी।
सूत्रों के अनुसार स्टेशन के प्रत्येक प्लेटफॉर्म वेटिंग रूम, वेटिंग लाउंज, रेस्त्रां और रिटायरग रूम में यह सेवा उपलब्ध होगी। यात्री अपने लैपटाप और मोबाइल फोन पर मुफ्त में इंटरनेट सर्फ कर सकेंगे। इससे पहले इस वर्ष अप्रैल में हावड़ा-राजधानी एक्सप्रेस में सैटेलाइट संचार प्रणाली से वाई-फाई सेवा शुरू की गई थी। इसमें चार मेगाबाइट प्रति सेकंड की डाउनलोड स्पीड की सुविधा उपलब्ध है। इस पायलट प्रोजेक्ट में शुरुआती दौर में कुछ समस्याएं भी आयीं हैं। जिनमें बीच-बीच में नेटवर्क नहीं मिलना, स्पीड बहुत धीमी होना आदि थे। सूत्रों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर नेटवर्क की समस्या नहीं होगी, क्योंकि टावर एवं संचार प्रणालियां स्थिर होंगी।