नयी दिल्ली: प्रस्तावित खाद्य सुरक्षा कानून के क्रियान्वयन की तैयारियों के तहत भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की योजना 7,000 कर्मचारियों की भर्ती की है. इससे पहले एफसीआई ने करीब 3,800 कर्मचारियों की भर्ती की थी.
सरकारी उपक्रम एफसीआई के कार्यकारी निदेशक (कार्मिक) डी वी देवेन्द्र कुमार भल्ला ने एक बयान में कहा, यह एफसीआई का एक बड़ा भर्ती अभियान है.’’ उन्होंने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के जरिये पहले चरण में तृतीय श्रेणी में 3,755 रिक्तियों को भरा गया है. क्षेत्रीय कार्यालस के स्तर पर ‘ऑफर लेटर’ जारी किये गये हैं और कुछ उम्मीदवार नौकरी पर आना भी शुरु हो गए हैं.
दूसरे चरण में तृतीय श्रेणी में 6,545 पदों के लिए भर्ती का काम जारी है. इस चयन के लिए लिखित परीक्षा एसएससी के द्वारा संचालित की जा चुकी है और नियुक्ति पत्र जारी करने से पहले बाकी कामकाज की प्रक्रिया को पूरा किया जायेगा.