नयी दिल्ली: डीजल के दाम फिर 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ गए हैं. इस साल डीजल कीमतों में छठी मूल्यवृद्धि की गई है. इंडियन आयल कारपोरेशन ने कहा कि डीजल की नई कीमतें आज मध्यरात्रि से प्रभावित होंगी. डीजल मूल्यवृद्धि में स्थानीय कर या वैट शामिल नहीं है.
दिल्ली में डीजल 50.84 रुपये लीटर हो जाएगा. फिलहाल इसका दाम 50.26 रुपये लीटर है. पेट्रोलियम कंपनियों ने गत शनिवार को पेट्रोल कीमतों में 1.82 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी.
सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों को सरकार ने इस साल जनवरी में डीजल कीमतों में हर महीने 50 पैसे लीटर वृद्धि की अनुमति दी थी. पेट्रोलियम कंपनियों को डीजल के दाम उस समय तक बढ़ाने की अनुमति है, जब तक कि उनका इस ईंधन पर हो रहा नुकसान पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता. इससे पहले जून में डीजल के दाम बढ़ाए गए थे.