नयी दिल्ली - जम्मू-कश्मीर में जम्मू क्षेत्र और कश्मीर घाटी को जोडऩे वाला बनिहाल-काजीगुंड रेलखंड इस माह यातायात के लिए खुलने जा रहा है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और केन्द्र में सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी 25 जून को बनिहाल में एक भव्य कार्यक्रम में इस 17.7 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग का उद्घाटन करेंगी। इसी मार्ग पर 11.2 किलोमीटर लंबी पीरपंजाल रेल सुरंग भी है जो भारत में सर्वाधिक लंबी और एशिया में तीसरी सबसे बड़ी रेल सुरंग है। उद्घाटन कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमत्री उमर अब्दुल्ला, केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री फारूक अब्दुल्ला, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद भी उपस्थित रहेंगे।
इस तरह 25 जून से बारामूला बनिहाल रेल लाइन काजीगुंड तक खुल जाएगी और बारामूला से बनिहाल आने वाली गाडिय़ां काजीगुंड तक आने लगेंगी।
जम्मू-बारामूला रेलखंड पर ऊधमपुर तक रेल यातायात 2005 से चालू है जबकि ऊधमपुर से कटरा के बीच 25 किलोमीटर का रेलमार्ग लगभग तैयार है और इस पर अगस्त में यातायात शुरू हो जायेगा।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक वीके गुप्ता ने बताया कि रेलवे माता वैष्णोदेवी तीर्थ बोर्ड के साथ एक करार करके कटरा तक आरक्षित टिकट लेने वाले को यात्रा पर्ची भी देगी।