पटना - पटना आ रही एक ट्रेन पर 150 से अधिक सशस्त्र माओवादियों ने आज बिहार के नक्सल प्रभावित जमुई जिले में हमला कर दिया और आरपीएफ के एक जवान सहित तीन लोगों की हत्या कर दी। हमले में पांच अन्य लोग घायल हो गए। नक्सलियों ने यात्रियों के साथ लूटपाट की और सुरक्षाकर्मियों के हथियार लेकर भाग गए।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी अमिताभ प्रभाकर और लखीसराय के डीएसपी विजय प्रसाद ने बताया कि पुलिस एवं रेल अधिकारियों के मुताबिक आरपीएफ जवान सुखनाथ डी सिंह तथा एक यात्री की हमले में मौत हो गई। वहीं, धनबाद-पटना इंटर सिटी एक्सप्रेस जब लखीसराय में कियूल पहुंची तब ट्रेन के एसी कोच में पटना में नियुक्त बिहार पुलिस के उपनिरीक्षक कुमार अमित को मृत पाया गया।
प्रभाकर ने बताया कि पांच घायलों की पहचान ट्रेन गार्ड केपी सिंह, मनोज कुमार सिंह (जमालपुर के रेल कर्मचारी), धर्मेंन्द्र शाह (लखीसराय), पीके त्रिपाठी (पटना) और सतीश कुमार (मुजफ्फरपुर) के रूप में की गई है। इन लोगों का कियूल स्टेशन पर इलाज किया गया। उन्होंने कहा कि मनोज कुमार सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) एसके भारद्वाज ने बताया कि करीब 150 सशस्त्र माओवादियों ने पटना से करीब 170 किलोमीटर दूर जमुई और माननपुर रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन को दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर जबरन रोक लिया। उन्होंने ट्रेन पर करीब आधे घंटे तक अंधाधुंध गोलीबारी की।