गुड़गांव - पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल का विभिन्न अंगों के काम करना बंद करने के बाद आज एक अस्पताल में निधन हो गया। शुक्ल एक पखवाड़ा पहले छत्तीसगढ़ में पार्टी नेताओं के काफिले पर नक्सली हमले में गोली लगने से घायल हो गए थे जिसमें पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता मारे गये थे। उन्हें यहां 25 मई को गम्भीर घायलावस्था के बाद भर्ती कराया गया था।
निकटवर्ती गुडग़ांव स्थित मेदांता मेडिसिटी हास्पिटल में इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिटिकल केयर एंड एनिस्थिसियोलॉजी के प्रमुख यतीन मेहता ने बताया कि 84 वर्षीय शुक्ल ने दोपहर बाद दो बजकर 38 मिनट पर अंतिम सांस ली। उन्होंने बताया कि शुक्ल के प्रमुख अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। गोली लगने से हुए घाव और अधिक उम्र के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। शुक्ल के परिवार में पत्नी और तीन पुत्रियां हैं।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा कई अन्य नेताओं ने शुक्ल के निधन पर शोक प्रकट किया।