सीरी में सीएसआईआर के प्रशासनिक कार्मिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
भारत सरकार के दिशानिर्देशानुसार संस्थान में क्रेच सुविधा का भी शुभारंभ हुआ
पिलानी, 20 दिसंबर, सीएसआईआर-केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान (सीरी) में मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी), गाजियाबाद के सौजन्य से कनिष्ठ सहायक/वरिष्ठ सचिवालय सहायक/सहायक अनुभाग अधिकारियों एवं समकक्ष कार्मिकों के लिए आयोजित ए/बी स्तर का प्रशिक्षण कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। सीएसआईआर-एचआरडीसी द्वारा संचालित 25 दिसंबर, 2024 को आरंभ हुए 25 दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीएसआईआर/आईएसटीएम सहित अन्य अधिकारियों द्वारा सीएसआईआर प्रयोगशालाओं में नवनियुक्त एवं पदोन्नत कार्मिकों को प्रशासन, वित्त, भंडारण एवं क्रय से संबंधित नियमों व प्रक्रियाओं सहित अन्य विविध उपयोगी एवं महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। समापन सत्र में एचआरडीसी-गाजियाबाद के प्रमुख डॉ टी एस राणा मुख्य अतिथि थे। सत्र की अध्यक्षता डॉ पी सी पंचारिया, निदेशक, सीएसआईआर-सीरी ने की।.
मुख्य अतिथि डॉ टी एस राणा ने सीरी में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए तथा सभी प्रशिक्षार्थियों एवं फैकल्टी को प्रदान की गई सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के लिए डॉ पंचारिया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी प्रशिक्षार्थी इस प्रशिक्षण से लाभान्वित हुए होंगे तथा अब वे अपने-अपने संस्थानों/प्रयोगशालाओं को लाभान्वित करेंगे तथा इस जानकारी एवं ज्ञान को धरातल पर उतारते हुए कार्य करेंगे। इससे पूर्व अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने की बधाई दी और एचआरडीसी को सीरी में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। कर्मचारियों के लिए ऐसे प्रशिक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हमारा संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन में सहभागी बनने के लिए तैयार रहेगा। मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी), गाजियाबाद की प्रशिक्षण प्रबंधक सिमेश वर्मा, वरिष्ठ उप-सचिव ने प्रशिक्षण की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ राणा एवं डॉ पंचारिया ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र भेंट किए। डॉ पंचारिया ने अतिथियों को संस्थान की ओर से शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ राणा एवं डॉ पंचारिया ने भारत सरकार से प्राप्त दिशानिर्देशों के अनुपालन में संस्थान में कामकाजी महिला स्टाफ के लिए नवनिर्मित शिशुशाला (क्रेच) सुविधा का शुभारंभ किया।
मीडिया एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री रमेश बौरा, वरिष्ठ हिंदी अधिकारी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों का परिचय दिया। प्रशासन नियंत्रक श्री जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापित किया।