सीरी में सीएसआईआर के प्रशासनिक कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
एचआरडीसी, गाजियाबाद के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है कार्यक्रम
पिलानी, 26 नवंबर, संस्थान में सीएसआईआर-मानव संसाधन विकास केंद्र, गाजियाबाद के सौजन्य से कनिष्ठ सहायक/वरिष्ठ सचिवालय सहायक/सहायक अनुभाग अधिकारियों एवं समकक्ष के लिए स्तर ए/बी स्तर का प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सीएसआईआर-एचआरडीसी द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी दिनांक 20 दिसंबर, 2024 तक चलेगा जिसमें सीएसआईआर/आईएसटीएम सहित अन्य अधिकारियों द्वारा सीएसआईआर प्रयोगशालाओं में नवनियुक्त एवं पदोन्नत कार्मिकों को प्रशासनिक, वित्तीय, भंडार एवं क्रय से संबंधित नियमों, आचरण नियमों एवं अन्य प्रक्रियाओं आदि की जानकारी दी जाएगी।
उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ पी सी पंचारिया, निदेशक, सीएसआईआर-सीरी ने की। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों एवं संस्थान के सहकर्मियों को संबोधित करते हुए सभी को विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य प्राप्ति में प्रत्येक नागरिक का योगदान अनिवार्य है। अपने संबोधन में डॉ पंचारिया ने सभी प्रशिक्षार्थियों से आह्वान किया कि वे देश को विकसित बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य विकसित भारत@2047 की प्राप्ति के लिए सत्यनिष्ठा से अपना दायित्व निभाएँ और अपना यथासंभव योगदान दें।
मानव संसाधन विकास केंद्र(एचआरडीसी), गाजियाबाद की प्रशिक्षण प्रबंधक श्रीमती सिमेश वर्मा, वरिष्ठ उप-सचिव ने एचआरडीसी के उद्देश्यों एवं इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने इस प्रकार के प्रशिक्षणों की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि एचआरडीसी सीएसआईआर के सभी वर्गों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करता है और उन्हें क्रियान्वित करता है। श्री जय शंकर शरण, प्रशासन नियंत्रक ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए एचआरडीसी को पिलानी में यह कार्यक्रम करने के लिए आभार व्यक्त किया। एचआरडीसी, गाजियाबाद के श्री योगेश कुमार, तकनीकी अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।