चंडीगढ़, 24 अप्रैल: केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को जूट के बारदाने की एक बार प्रयोग एक लाख गांठों के पुन: प्रयोग करने की स्वीकृति दे दी है ताकि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
पंजाब के खाद्य एवं सिविल आपूर्ति विभाग के आयुक्त सतवंत सिंह जोहल ने बताया कि इसके मद्देनज़र राज्य की सरकारी खरीद एजेंसियों को निर्देश जारी किए गये हैं कि वह नया बारदाना समाप्त होने की स्थिति में ही पुराने बारदाने को प्रयोग में लायें। कें द्र द्वारा नये बारदाने की अन्य सप्लाई आने की स्थिति में पुराने बारदाने का प्रयोग रोककर पहले नया बारदाने का प्रयोग ही किया जाएगा। आयुक्त ने आगे कहा कि केंद्र द्वारा एक बार इस्तेमाल बारदाना प्रयोग की इजाजत देने से गेंहू की खरीद सुचारू ढंग से चलेगी। जिससे किसानों की उपज समय पर खरीदी जा सकेगी। उन्होंने आगे बताया कि पंजाब में बारदाने की कोई कमी नही है और पंजाब सरकार को राज्य की सरकारी खरीद एजेंसियों के लिए डी जी एस एंड डी कलकत्ता द्वारा तीन लाख अड़ताली हजार बारदाने की गांठों की सप्लाई मिल चुकी है जिसमें 1 लाख, 90000 गांठे जूट और 1 लाख, 58 हजार गांठे पलास्टिक की शामिल हैं।
जोहल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस बार 140 लाख टन गेंहू की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया जिसमें से 112 लाख टन गेंहू की खरीद राज्य की सरकारी खरीद एजेंसियों ने करनी है । उन्होंने बताया कि इसके लिए कुल 4 लाख, 48 हजार बारदाने की गांठों की जरूरत है। इस तहत 60000 अन्य गांठों की सप्लाई 30 अप्रैल तक राज्य सरकार को मिल जाएगी। राज्य सरकार द्वारा अबतक 50 लाख टन से अधिक की गेंहू खरीदी जा चुकी है। जिसके लिए दो लाख बारदाने की गांठे इस्तेमाल की जा चुकी हैं।