चण्डीगढ़, 2 अप्रैल : पंजाब सरकार द्वारा सरकारी मैडिकल कालेज पटियाला और अमृतसर में ज़ेरे उपचार रोगियों को नि:शुल्क दवाईयां दी जाएंगी जिसके लिए दोनों अस्पतालों को 3.51 करोड़ रूपये की राशि जारी कर दी है। यह बात चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री चुन्नी लाल भगत ने विभागीय अधिकारियों से बैठक के पश्चात कही।
भगत ने कहा कि पंजाब सरकार जहां राज्य के लोगों को स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध है वहीं रोगियों को नि:शुल्क दवाईयां देने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इस उद्धेश्य के लिए सरकारी मैडिकल कालेज अमृतसर को 1.51 करोड़ रूपये और सरकारी मैडिकल कालेज पटियाला को 1.98 करोड़ रूपये जारी कर दिये हैं।
इस दौरान बैठक में चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री ने मैडिकल कालेजों के आय के स्रोत बढ़ाने के लिए मैडिकल कालेजों को साईकिल स्टेण्ड और अन्य साधनों से आने वाली आय स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर ही खर्च करने का फैसला किया । इसके साथ उन्होंने आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए मैडिकल कालेजों में प्रवेश की प्रक्रिया ओर पारदर्शी करने के लिए अधिकारियों को आदेश दिये ।
बैठक में सरकारी अस्पतालों/ मैडिकल कालेजों में प्रिंसीपल/ चिकित्सा अधीक्षकों के खर्च करने की सीमा पांच सौ रूपये रोजाना से बढ़ाकर पांच हजार रूपये करने सम्बन्धी विचार कर इस सम्बन्धी अन्तिम फेसला लेने के लिए मामला वित्त विभाग के पास भेजा। बैठक में विभाग की प्रधान सचिव विन्नी महाजन, निदेशक डा. तेजबीर सिंह, डा. पुनीत गोयल आदि उपस्थित थे।