वाशिंगटन - अमेरिका में इन दिनों बर्फीले तूफान ने कहर मचा रखा है। लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं, लेकिन तूफान के चलते न तो घरों में बिजली की सप्लाई हो रही है और न ही अन्य सुविधाएं उन तक पहुंच पा रही हैं। बर्फीले तूफान के चलते शुक्रवार और शनिवार को अमेरिका में या बाहर जाने वाली करीब 7600 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।जानकारी के मुताबिक अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी समेत देश का सम्पूर्ण पूर्वी हिस्सा इस भीषण बर्फीले तूफान की चपेट में आ गया है।
आशंका है कि इस तूफान में रिकॉर्ड 30 इंच तक की बर्फबारी हो सकती है। इस तूफान के चलते 1.2 लाख से भी ज्यादा घरों से बिजली गायब है और लाखों लोगों का जीवन एक तरह से पंगु हो गया है। न तो वे घरों से बाहर निकल पा रहे हैं और न ही रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उन तक पहुंच पा रही हैं।मौसम विभाग ने बताया कि इस तूफान के कारण वाशिंगटन डीसी समेत उत्तर कैरोलाइना, टेनेसी, मैरीलैंड, वर्जीनिया, फिलाडेल्फिया, न्यू जर्सी और न्यूयार्क जैसे राज्य ज्यादा प्रभावित हुए हैं।