काठमांडू - नेपाल में मोरंग जिला के रंगेली में गुरुवार को प्रधानमंत्री केपी ओली के कार्यक्रम का विरोध कर रहे मधेशी आंदोलनकारियों पर नेपाल प्रहरी (पुलिस) ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और तीन दर्जन बुरी तरह से घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं भी हैं। घायलों को विराटनगर भेजा गया है। रंगेली व डैनिया बाजार को खाली करवाते हुए नेपाल प्रहरी ने उन दोनों शहरों में कर्फ्यू लगा दिया है। पुलिस छावनी में तब्दील दोनों शहरों में अभी सभी के प्रवेश पर पाबंदी है। बिहार में अररिया जिला के सिकटी प्रखंड से रंगेली शहर सटा हुआ है। वहां नेपाली प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित था।