ईरान - ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र और पश्चिमी देशों की ओर से लगाए आर्थिक प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। परमाणु डील की शर्तों को मानते हुए ईरान द्वारा नाभिकीय कार्यक्रम रोक देने के बाद उसे यह राहत दी गई है। परमाणु गतिविधियों पर निगरानी रखने वाली संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक युकिया अमानो ने इस फैसले की घोषणा की। अमानो ने कहा कि ईरान ने पिछले साल अमेरिका समेत विश्व की छह महाशक्तियों के साथ हुए परमाणु समझौतों की शर्तों का पूरी तरह पालन किया है। इसके बाद अमेरिका और यूरोपीय देशों ने भी ईरान से प्रतिबंधों को खत्म करने का ऐलान किया।
आर्थिक प्रतिबंधों के कारण ईरान अंतरराष्ट्रीय बिरादरी में अलग-थलग पड़ गया था। कच्चे तेल का खरीदार न मिल पाने के कारण उसकी अर्थव्यवस्था बुरी तरह लड़खड़ा गई थी। और गिर सकते हैं तेल के दाम ईरान पर आर्थिक प्रतिबंधों के हटने के बाद वह पूरी क्षमता से तेल उत्पादन कर सकेगा। इससे मांग से ज्यादा आपूर्ति का संकट झेल रहे कच्चे तेल के बाजार में और गिरावट की संभावना है।