जालंधर - पंजाब के जालंधर जिले में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अब तक नौ हजार आवेदकों को 94 करोड़ 34 लाख रुपए के ऋण जारी किए जा चुके हैं। सरकारी प्रवक्ता अनुसार छोटे और मध्यम दर्जे के उद्योगों और अपने कारोबार की स्थापना के लिए बेरोजगार युवकों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत जिले के नौ हजार से अधिक आवेदकों को कारोबार शुरू करने के लिए 94 करोड़ 34 लाख रुपए की राशि जारी की जा चुकी है।
देश में आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्गों के उत्थान के उद्देश्य के साथ इस योजना को प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 8 अप्रैल 2015 को राष्ट्रीय स्तर पर शुरू किया गया था। इस योजना के अंतर्गत बिल्कुल छोटे उद्योगों को शिशु श्रेणी के अंतर्गत 50 हजार तक, मध्यम दर्जे के उद्योगों को किशोर श्रेणी में 50 हजार से 5 लाख तक और त्वरित श्रेणी के अंतर्गत स्थापित होने वाले उद्योगों के लिए 5 से 10 लाख तक कर्ज केवल एक प्रतिशत ब्याज दर पर मुहैया कराया जाता है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि जिले में 18 दिसंबर तक लघु उद्योगों की श्रेणी में कुल 5913 अर्जियाँ प्राप्त हुई जिन्हें अलग-अलग बैंकों द्वारा 18 करोड़ 31 लाख जारी किये गए।
इसी तरह मध्यम श्रेणी में 1654 युवकों को 35 करोड़ 93 लाख रुपए के कर्जे दिए गए हैं और त्वरित श्रेणी के अंतर्गत प्राप्त 553 आवेदनों पर 40 करोड़ से अधिक के कर्ज दिए गए हैं। आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग के लिए इस योजना के अंतर्गत औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के साथ ब्यूटी पार्लर, रिपेयर यूनिट, हेयर सैलून, सब्जियों और फलों की उत्पादन इकाइयों के अलावा अन्य क्षेत्रों में अपने स्व-रोजगार के काम शुरू कर सकते हैं।