भटिंडा - केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पूरे देश में 42 बड़े फूड पार्क स्थापित किए जाएंगे, जिनपर 2,000 करोड़ रुपये की लागत आएगी। हरसिमरत ने यहां डेरा बस्सी में एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बड़े फूड पार्कों से न सिर्फ देशभर के किसानों को मदद मिलेगी, बल्कि इनसे खाद्य पदार्थों के बेकार होने से भी बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि फूड पार्कों में उत्पादन, प्रसंस्करण संयंत्र, शीत भंडारण गृह, संग्रह केंद्र और परिवहन जैसी सभी सुविधाएं होंगी।
बादल ने कहा, फूड पार्क स्थापित करने का उद्देश्य खाद्य पदार्थों के बेकार होने से बचाना है। उन्होंने कहा कि किसानों के उत्पादों का खास क्षेत्र के फूड पार्क में उपयोग किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि किसानों को फल, फूल और सब्जियां जैसी फसलें उगानी चाहिए, क्योंकि गेहूं और धान जैसे परंपरागत फसलें किसानों के लिए लाभकारी नहीं हैं। उन्होंने किसानों की इस समस्या का समाधान निकालने के लिए वैज्ञानिकों से आग्रह किया, जिसमें किसान अगली फसल के लिए अपने खेतों को तत्काल तैयार करने के लिए पुआल जला देते हैं।