जालंधर - सीमा सुरक्षा बल ने पंजाब में फिरोजपुर सेक्टर की अग्रिम चौकी कुलवंत के क्षेत्र से 450 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत दो करोड़ पच्चीस लाख रुपए आंकी जा रही है। बीएसएफ ने पंजाब के साथ लगी सीमाओं से इस वर्ष अब तक 16 अरब 7 करोड़ पच्चीस लाख रुपए की 321 किलो 473 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक आर एस कटारिया ने यहां जारी विज्ञप्ति में बताया कि पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक अनिल पालीवाल के दिशा निर्देशों अनुसार पंजाब फ्रंटियर के सभी सेक्टरों में नशीले पदार्थों की तस्करी तथा असामाजिक तत्वों को रोकने के लिए सीमा पर सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बीएसएफ की 191 बटालियन को सीमावर्ती खेतों में सुबह तलाशी लेने पर 450 ग्राम हेरोइन का एक पैकेट बरामद हुआ।
कटारिया ने बताया कि पिछले 11 महीनों में बीएसएफ ने 321 किलो 473 ग्राम हेरोइन, 11 लाख 29 हजार पांच सौ रुपए के विदेशी नोट, 35 किलो अफीम का चूरा, 17 हथियार, 24 मैगजीन, 286 कारतूस, 15 पाकिस्तानी मोबाइल, 26 पाक सिम कार्ड और 11 सिम सहित सात भारतीय मोबाइल और सिम सहित एक बंगलादेशी मोबाइल बरामद किया है। इस वर्ष अब तक तीन पाकिस्तानी घुसपैठियों, तीन पाकिस्तानी तस्करों, चार भारतीय तस्करों तथा 53 लोगों को भारतीय सीमा पार करते हुए पकड़ा गया है।