चंडीगढ़ - पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि गोइदवाल साहिब औद्योगिक क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। बादल ने गोइदवाल औद्योगिक विकास एसोसिएशन के चेयरमैन गुरिंदर पाल सिंह संधू के नेतृत्व में आये एक प्रतिनिधिमंडल को यहां अपने सरकारी निवास पर मुलाकात के दौरान यह भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में मौजूदा औद्योगिक इकाईयों की तर्ज पर गोइदवाल साहिब के उद्योगपत्तियों को भी रियायतें एवं छूट प्रदान करने की एसोसिएशन की मांग से सहमति व्यक्त करते हुये इस मामले को उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली कैबिनेट सब-कमेटी को भेजने के निर्देश दिये ताकि इस मामले पर अंतिम फैसला लिया जा सके। उन्होंने गोइदवाल साहिब की औद्योगिक ईकाईयों के मालिकों की अपनी फैक्ट्री में रिहायश की अनुमति देने संबंधी मांग को लेकर पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम (पीएसआईईसी) महाप्रबंधक को यह मामला चीफ टाउन एंड कंट्री प्लानर के समक्ष उठाने के निर्देश दिये।
उन्होंने पीएसआईईसी को गोइदवाल साहिब के उद्योगपत्तियों के लिए स्वीकृत सब्सिडी बकाया मामलों की प्रक्रिया तुरंत निपटाने के भी निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर पॉवरकॉम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को गोइदवाल साहिब में तुरंत पॉवरकॉम का विशेष काउंटर स्थापित कर वहां एक जूनियर इंजीनियर तैनात करने के निर्देश दिये ताकि रोजमर्रा की समस्याओं का वहीं निपटारा किया जा सके। उन्होंने कहा कि गोइदवाल साहिब औद्योगिक क्षेत्र में कंसाई नैरोलैक पेंट्स लिमिटेड 35 एकड़ क्षेत्र में 250 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक पेंट इकाई तथा इंडियन ऑयल कार्पोरेशन 30 एकड़ क्षेत्र में 100 करोड़ रूपये की लागत एलपीजी बॉटलिंग प्लांट स्थापित कर रही है जिससे इस क्षेत्र के औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।