बैंकाक - भारत और पाकिस्तान के रिश्तों पर पड़ी बर्फ को पिघलाने की नए सिरे से कोशिश शुरू हो गई है। इस क्रम में एनएसए अजीत डोभाल और उनके समकक्ष नासिर खान ने मुलाकात की। ये मुलाकात पेरिस में जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ के बीच हुई मुलाकात के बाद बैंकाक में हुई।
बातचीत के बाद दोनों ही देशों की ओर से बयान जारी किया गया। इस बातचीत में जम्मू-कश्मीर भी शामिल था, जिस पर ऊफा में बनी सहमति के आधार पर दोनों देशों के बीच एनएसए स्तर की बातचीत टूट गई थी। बयान में कहा गया है कि इस वार्ता में शांति, सुरक्षा, आतंकवाद, जम्मू-कश्मीर और नियंत्रण रेखा पर शांति बनाने सहित कई दूसरे जरूरी मुद्दों पर चर्चा हुई।
इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की भारत के साथ बिना शर्त बातचीत की घोषणा के तत्काल बाद पीएम मोदी बिना किसी तय एजेंडे के पेरिस में अपने पाकिस्तानी समकक्ष से मिले थे। ऊफा में बनी सहमति के बाद बैठक के एजेंडे पर मतभेद के कारण टली एनएसए स्तर की बातचीत आखिरकार बैंकाक में संपन्न हुई।