अमृतसर - पी.एच.डी. चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के सहयोग से स्थानीय रणजीत एवेन्यू में पंजाब अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एक्सपो (पीटैक्स) की श्रृंखला में दसवीं पांच दिवसीय मेगा व्यापार प्रदर्शनी के आयोजन का मुख्य उद्देश्य सीमा पार कारोबार को बढ़ावा देना है।
जिसके चलते इस औद्योगिक महाकुंभ के आयोजन हेतु अमृतसर का चयन किया गया है। पीएचडी चैंबर की पंजाब समिति के अध्यक्ष राजीव बाली तथा निदेशक डॉ.प्रवीन राठी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीटैक्स मेगा व्यापार प्रदर्शनी का उदघाटन शुक्रवार को पंजाब के उद्योग मंत्री मदन मोहन मित्तल करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में तेजी से सुधार हो रहा है। निकट भविष्य में भारत की विदेश मंत्री सुष्मा स्वराज पाकिस्तान दौरे पर जा रही हैं। ऐसे में इस तरह के औद्योगिक आयोजनों का खास महत्व है। जब तक पड़ोसी देशों के साथ सीमा पार के कारोबार में वृद्धि नहीं होगी तब तक भारत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में अपना सिक्का नहीं जमा सकता।
डॉ.राठी ने बताया कि पीटैक्स में भाग लेने के लिए पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान,नेपाल व श्रीलंका के अलावा इरान आदि देशों के व्यापारिक प्रतिनिधि अमृतसर पहुंच चुके हैं। डॉ.राठी ने बताया कि पीटैक्स का आयोजन कई वर्षों से हो रहा है लेकिन शनिवार को यहां पहली बार अंतरराष्ट्रीय बायर-सैलर मीट का आयोजन किया जाएगा। जिसमें भारत के प्रसिद्ध साइकिल उद्योग, ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री, कृषि मशीनरी एवं उपकरण उद्योग, कपड़ा उद्योग, होम इंटीरियर, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा उपकरण निर्माता उद्योग तथा खेलों का सामान बनाने वाले प्रतिष्ठित उद्योगों को विदेशी खरीददरों के समक्ष अपने उत्पाद प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।