काठमांडू - नेपाल में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गये हैं, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 मापी गई है। यह जानकारी देश के नेशनल सिस्मोलॉजिकल सेंटर ने दी है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजकर 10 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसका केंद्र बुद्धनीलकंठ मंदिर के पास स्थित शिवपुरी नागाजरुन नेशनल पार्क में था,जो यहां से 15 किलोमीटर उत्तर में है। फिलहाल अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
बीती 25 अप्रैल को आए भीषण भूकंप के बाद से अब तक भूकंप बाद के कम से कम 414 झटके महसूस किए जा चुके हैं। पांच दिन पहले राजधानी काठमांडू के गोथाटर इलाके में 3.0 तीव्रता का भूकंप आया था। इसी बीच, मानवीय मदद वाली एजेंसियों ने कहा है कि वे भारत-नेपाल सीमा अवरूद्ध होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूकंप पीड़ितों तक मदद पहुंचाने में असमर्थ हैं।