काठमांडू – आज नेपाल ने एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने देश में सभी भारतीय न्यूज चैनलों को बंद कर दिया। इससे पहले शनिवार को खबर आई थी कि नेपाल कॉम्युनिस्ट पार्टी माओवादी ने भारतीय दूतावास में खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी थी। नेपाल-भारतीय सीमा पर महीनों से नाकेबंदी चल रही है। नेपाली मधेसियों ने सीमा को बंद कर रखा है।
इससे पहले भी नाकेबंदी को लेकर नेपाल के केबल ऑपरेटर्स ने 42 भारतीय चैनलों को ब्लॉक कर दिया था। नेपाल का कहना है कि भारत ने नेपाल में आपूर्ति बाधित करने के लिए अघोषित रूप से नाकेबंदी कर रखी है। दक्षिण नेपाल में नए संविधान को लेकर व्यापक विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। नेपाल के नए संविधान को लेकर भारत भी सहमत नहीं है। हालांकि भारत किसी भी तरह की नाकेबंदी से इनकार कर रहा है। नेपाल में माओवादी पार्टियों ने भारतीय सिनेमा और टीवी चैनल्स का खुलेआम विरोध किया था। तब नेपाल केबल टेलिविजन के प्रेजिडेंट ने कहा था कि यह बंदी बेमियादी होगी।