यंगून - उत्तरी म्यांमार में पन्ने की एक खदान के समीप भूस्खलन होने से कम से कम 100 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ज्यादातर लोगों की मौत कचरे के पहाड़ में दबने से हुई है जो खनन कंपनियों ने पन्ना निकालने के लिए जमीन खोदने से बना था।
काचिन प्रांत के दूरदराज में स्थित इस बयाबान में बहुत से लोग इस उम्मीद में झोंपड़ियां बना कर रह रहे थे कि पन्ना मिलने से उनकी तकदीर बदल जाएगी। एचपकांत के एक स्थानीय अधिकारी निलार माइंत ने बताया कि हमने शनिवार को 79 और रविवार को 21 शव पाए। हम लोग सिर्फ शव देख रहे हैं और कोई नहीं जानता कि यहां कितने लोग रहते हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक मलबे से सिर्फ एक व्यक्ति जीवित निकाला जा सका था, उसकी भी कुछ देर बाद मौत हो गई।