लंदन - ब्रिटेन के तीन दिवसीय दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को पहला 'लिटमस टेस्ट' हुआ। पीएम मोदी को ब्रिटेन में पत्रकारों के कड़े सवालों का सामना करना पड़ा, जिसमें गुजरात दंगों से लेकर हाल ही दादरी घटना के बाद असिष्णुता का मामला भी शामिल रहा। हालांकि, पीएम मोदी न सिर्फ सफाई से पत्रकारों के इन सवालों से बच निकले, बल्कि उन्होंने बेहद गंभीरता और सफाई के साथ उनके सवालों के जवाब भी दिए।
इतना ही नहीं, कुछ सवालों पर तो उन्होंने पत्रकारों को ही उल्टे कटघरे में खड़ा कर दिया। हालांकि पीएम मोदी की ओर से लंदन में पत्रकारों के सवालों का इस तरीके से जवाब देने पर बाद में भारत में राजनीतिक दलों के नेता उन्हें इस बात के लिए घेर भी सकते हैं कि उन्होंने भारत की समस्याओं का लंदन में तो जवाब दिया, लेकिन भारत में बोलने से परहेज करते रहे।