काठमांडू - नेपाल में एक यात्री बस आज पहाड़ी सड़क से लुढ़क कर नीचे गिर गई जिससे 30 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये हैं। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना राजधानी काठमांडू से करीब 150 किलोमीटर उत्तर में तिब्बत सीमा के पास रसुवा जिले के रामचे गांव में हुई है। इस दुर्घटना में चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण वह पहाड़ी सड़क से नीचे लुढ़क गई। मरने वालों में 18 पुरूष और 12 महिलाएं हैं। दुर्घटना में घायल हुए करीब 30 अन्य यात्रियों को उपचार के लिए धुंचे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।