मास्को - रूस की उच्चस्थ जांच समिति ने मिस्र में आज हुई रूसी विमान की दुर्घटना के लिये, जिसमें 224 व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी, कोगलीमाबिया एयरलाइन्स के विरुद्ध मुकदमा शुरू किया है। यह जानकारी रूसी समाचार एजेन्सियों ने जांच समिति के प्रवक्ता के हवाले से दी है। दुर्घटनाग्रस्त विमान एयर बस -ए- 321 मिस्र के लाल सागर के शर्म अल शेख से रूस के सेन्ट पीट्सबर्ग की उड़ान पर था।
सिनाई के मध्य भाग के पर्वतीय क्षेत्र में वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रिया समाचार एजेन्सी ने खबर दी है कि जांच समिति ने उड़ान के नियमों तथा उड़ान की तैयारी से संबंधित कानून के उल्लंघन के आधार पर एयरलाइन्स के विरुद्ध मामला शुरू किया है। एयरलाइन्स के विरुद्ध अपराध संहिता की धारा 263 के अंतर्गत अदालती कार्रवाई शुरू होगी। इस बीच जांच अधिकारियों तथा विशेषज्ञों का एक दल मास्को से मिस्र रवाना हो रहा है।