पटियाला - कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पंजाब में मौजूद ‘अव्यवस्था और अराजकता’ को बढ़ाने की बजाय राज्य के लिए आम आदमी पार्टी का एजेंडा बताने को कहा। अमरेंद्र ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘कृपया पंजाब से दूर रहिये क्योंकि आपके पास अव्यवस्था और अराजकता को बढ़ाने के अलावा देने को कुछ नहीं है, जिनके लिए आप जाने जाते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल राज्य में अराजकता पैदा करने में सक्षम नहीं हैं जो दिल्ली से हमारे यह भद्र पुरुष अपना योगदान और विशेषज्ञता देने के लिए दौड़े आ रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाब की समस्या में शामिल होने से पहले उन्हें पंजाब एवं उनके राज्य हरियाणा के बीच जल बंटवारे के लंबित मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने केजरीवाल से कहा, ‘‘आप या तो अपने राज्य हरियाणा के प्रति वफादार हो सकते हैं या आप पंजाब के प्रति वफादार हो सकते हैं।
पर आप एक ही समय में दोनों के लिए वफादार नहीं हो सकते। पंजाब के लोग संवदेनशील एवं नाजुक विषयों पर उनका और उनकी पार्टी का रुख जानना चाहते हैं। अमरेंद्र ने पंजाबियों से अपील की कि अगली बार केजरीवाल सहित जब कोई आप नेता आए तो वे अवश्य ही उनसे उनके एजेंडा और पंजाब के बारे में दूरदृष्टि पूछें। उन्हें अव्यवस्था फैलाने और आपको गुमराह नहीं करने दें। उन्होंने कहा दिल्ली की तरह पंजाब विस्तारित नगर निगम नहीं है कि आप अव्यवस्था पैदा करें और मुफ्त पानी, बिजली सब्सिडी और मुफ्त वाई-फाई का झूठा वादा करें।