वाशिंगटन - अमेरिका यात्रा पर पहुंचे पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ को शुक्रवार को तब शमिंदगी उठानी पडी जब वाशिंगटन में उनके भाषण के दौरान एक प्रदर्शनकारी घुस आया व बलूचिस्तान की आजादी के नारे लगाने लगा। शरीफ अमेरिकी थिंक-टैंक "यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस" में भाषण दे रहे थे और अचानक एक शख्स खडा होकर बलूचिस्तान की आजादी के नारे लगाने लगा।
शरीफ ने जैसे ही भाषण शुरू किया श्रोताओं में से प्रदर्शनकारी हाथ में पोस्टर लेकर खडा हो गया व दावा किया कि अल कायदा के मारे जा चुके सरगना ओसामा बिन लादेन से शरीफ के दोस्ताना रिश्ते थे। शरीफ यह सब देख स्तब्ध से रह गए। प्रदर्शनकारी को पकडकर तत्काल बाहर कर दिया गया,लेकिन शरीफ ने न तो इस खलल पर कुछ कहा और न ही उस शख्स के आरोपों का ही कोई जवाब दिया। शरीफ ने राष्ट्रपति बराक ओबामा से फटकार लगने के बावजूद अपना रवैया नहीं छोडा।