चंडीगढ़ - पंजाब में गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान किए जाने की घटनाओं पर भी लोगों का गुस्सा उबाल पर रहा और सिख कार्यकर्ताओं ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में महत्त्वपूर्ण मार्गों को अवरुद्ध कर दिया। संवदेनशील क्षेत्रों में अर्द्धसैनिक बल फ्लैग मार्च कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि लुधियाना से दो विधायक बंधुओं सिमरजीत बैंस और बलविंदर सिंह को उस समय हिरासत में ले लिया जब वे मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के आवास का घेराव करने चंडीगढ़ जा रहे थे।
सिमरजीत को कटनीकलां से हिरासत में लिया गया और बलविंदर को वर्धमान चौक से हिरासत में लिया गया। उनके साथ उनके 21 समर्थकों को भी हिरासत में ले लिया गया। गुरु ग्रंथ साहिब को अपवित्र किए जाने की सिलसिलेवार घटनाओं के बाद राज्य में संवेदनशील स्थिति के मद्देनजर चार जिलों-अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और तरनतारन में अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। फगवाड़ा से मिली एक रिपोर्ट में कहा गया कि सिख कार्यकर्ताओं ने फगवाड़ा-बांगा-नवांशहर सडक़ को मेहलीमुढाली गांव के पास अवरुद्ध कर दिया, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।