लंदन - ब्रिटेन में 37-वर्षीय भारतीय मूल के एक कॉलसेंटर कर्मी को अनुचित व्यवहार के लिए नौकरी से निकाल दिया गया है। उसने अपने साथ ही कंपनी में काम करने वाली अपनी पत्नी को दफ्तर में गाल पर चूमा था। मार्टिन सिंह के मुताबिक उसने दफ्तर में अपनी पत्नी रूबी को दोस्ताना अंदाज में चूमा, तो कंपनी ने पहले उसे अनुचित बर्ताव के लिए चेतावनी दी और बाद में निकाल दिया।
उन्होंने कहा, मैं डेस्क पर बैठा था और वह आई। मैंने उसके गाल पर चूमा और दोनों ने एक-दूसरे के गालों को स्पर्श किया। मार्टिन सिंह के दावे के अनुसार उसकी पत्नी को उसके पास से जाने को कहा गया। उसने बताया कि मेरी पत्नी को दूसरे लोगों के सामने बुरा-भला सुनना पड़ा, मुझे अच्छा नहीं लगा। खास तौर पर उस समय, जब आप फोन पर थे और ग्राहक आपको सुन सकते थे। सिंह के आरोपों की जांच कर रही कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, इस समय और कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।