होशियारपुर/लुधियाना - गांव के नंबरदार जसबीर सिंह और सुखदेव सिंह के चचेरे भाई लेफ्टिनेंट कर्नल हरजीत सिंह सज्जन कनाडा में वेंकूवर साउथ से सांसद चुने गए हैं। जसबीर और सुखदेव ने बताया कि उनके ताया हवलदार कुंदन सिंह सज्जन परिवार सहित 1973 में कनाडा चले गए थे। तब करीब 8 साल का हरजीत गांव के ही सरकारी प्राइमरी स्कूल में तीसरी-या चौथी क्लास में पढ़ता था।
हरजीत तो एक बार जाने के बाद करीब दस साल पहले सबसे मिलने के लिए एक ही बार आए थे, लेकिन उनके पिता कुंदन सिंह हर साल गांव के युवकों के स्टार स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित किए जाने वाले फुटबाल टूर्नामेंट के दौरान गांव आते हैं। जसबीर ने बताया कि उनकी गाहे-बगाहे हरजीत से बात होती रहती है। उनके मुताबिक हरजीत को लेकर सबको पता था कि वह जरूर परिवार का नाम रोशन करेगा। इससे पहले वह 1989 में कनाडा की आर्मी में शामिल हुआ और उसके बाद 1991 में ब्रिटिश कोलंबिया रेजीमेंट में अफसर चुना गया।
हरजीत में आर्मी में रहते हुए विभिन्न बहादुरी पुरस्कार जीते जिनमें कनाडा की आर्मी का सबसे बड़ा पुरस्कार ‘ऑर्डर ऑफ मिलिट्री मेरिट’ हासिल किया। इसके बाद गौरव का एक और पल तब आया जब सितंबर 2011 में हरजीत कैनेडियन आर्मी में ब्रिटिश कोलंबिया रेजीमेंट की कमान संभालने वाले पहले सिख अधिकारी बने थे।
वहीं मालवा सभ्याचारक मंच ने बताया कि कनाडा के बरेप्टन वेस्ट (टोरंटो) से सांसद बनी पंजाब की कमल खैहरा को ‘पंजाब दी धी’ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। कमल की जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित समारोह में बावा ने कहा कि कमल ने विदेशी जमीन पर पंजाब और पंजाबियत का झंडा बुलंद किया है।