चंडीगढ़ - पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने 14 से 28 नवंबर के बीच प्रदेश भर में आयोजित होने वाले छठे विश्व कप कबड्डी के मैच रद्द करने की घोषणा की है। मंगलवार को खेल विभाग का अतिरिक्त कार्यभार संभालने वाले उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की मर्यादा भंग करने व हाल की घटनाओं को लेकर लिया गया है। उन्होंने कहा कि कबड्डी पंजाब के लोगों की भावना का प्रतीक है।
पूरे सिख समुदाय में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को अपवित्र किए जाने पर भारी रोष व शोक है, ऐसे समय में कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन करना उचित नहीं है। बादल ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अपवित्र की घटनाओं के बाद पूरे पंजाबी समुदाय की भावनाओं को आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि उनकी स्वयं की भावनाओं को भी आघात पहुंचा है और उनकी अंतरात्मा ऐसे समय में एक प्रतियोगिता की अध्यक्ष्ता करने की अनुमति नहीं दे रही।