चंडीगढ़ - पंजाब के फरीदकोट जिले के बरगाड़ी गांव में 11 अक्तूबर की रात हुई श्री गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटना की साजिश विदेश में रची गई। पंजाब पुलिस ने मंगलवार को यह खुलासा करते हुए मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदकोट के गांव पंजगराईं खुर्द के रुपिंदरजीत सिंह खालसा और जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने विदेश में बैठे साजिशकर्ताओं से मिले निर्देशों का पालन करते हुए घटना को अंजाम दिया।
पंजाब के एडीजीपी क्राइम आईपीएस सहोता ने बताया कि आरोपियों के तार विदेशों में बैठे साजिश कर्ताओं से जुड़े हैं। उनकी आस्ट्रेलिया और दुबई में मौजूद साजिश कर्ताओं से फोन पर बात होती रही। उन्होंने मामले में आतंकी संगठनों का हाथ होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया। सहोता ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियों के बारे में मिली सूचना के आधार पर उनकी कॉल्स को टेप किया गया जिससे इस मामले का खुलासा हुआ। दोनों पक्षों के बीच फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो भी सुनाया गया।
सहोता ने बताया कि बरगाड़ी की घटना के बाद यह दोनों भाई अंडरग्राउंड हो गए थे। उनके बारे में गुप्त सूचना मिली कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी में उनका हाथ हो सकता है। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उनके फोन नंबरों को इंटरसेप्ट किया गया और सारी साजिश सामने आ गई। फोन इंटरसेप्टिंग की यह कार्रवाई गत 14 से 16 अक्तूबर के बीच हुई।