जालंधर - श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी पर पंजाब में सडक़ से सियासत तक घमासान जारी है। इस बीच सोमवार को पुलिस ने लुधियाना और अमृतसर में गुरु ग्रंथ साहिब के अनादर के आरोप में एक महिला और 2 ग्रंथियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक महिला बलविंदर कौर ने लुधियाना के गांव घवद्दी के गुरुद्वारा रविदासपुरा में गुरु ग्रंथ साहिब के पन्ने फाड़े, जबकि ग्रंथी सिकंदर सिंह ने उसकी यह हरकत छिपाने की कोशिश की। वहीं, अमृतसर के निज्जापुरा के गुरुद्वारे के ग्रंथी जगदीप सिंह को गुरु ग्रंथ साहिब के पन्ने फाडऩे के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
इस बीच मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कैबिनेट की आपात बैठक मंगलवार को बुलायी है। उधर, जालंधर में माई हीरा गेट इलाके में स्थिति उस समय नाजुक हो गयी जब दुकानें बंद करवा रहे प्रदर्शनकारी और दुकानदार आमने-सामने आ गये। उनमें हल्की झड़प और पथराव भी हुआ। अमृतसर में कई जगह बंद रहा। पंजाब बंद से कई जगहों पर दुकानें बंद रहीं । जबकि मोगा बस अड्डा पुरी तरह से बंद रहा।