पेइचिंग - चीन ने तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर बना सबसे बड़ा बांध चालू कर दिया है। इस परियोजना से जल आपूर्ति में बाधा पडऩे को लेकर भारत की चिंताएं बढ़ गयी हैं। चीन की सबसे बड़ी पनबिजली परियोजना ‘जम हाइड्रोपावर स्टेशन’ की सभी 6 इकाइयों का समावेश मंगलवार को पावर ग्रिड में कर दिया गया। चीन के वुहान में स्थित प्रमुख चीनी पनबिजली ठेकेदार चाइना गेझोउबा ग्रुप ने बताया कि केंद्र की सभी इकाइयों का समावेश पावर ग्रिड में करा दिया गया है।
इससे डेढ़ अरब डॉलर की लागत के केंद्र का संचालन शुरू हो गया। इस बांध को विश्व की सबसे ज्यादा ऊंचाई पर बने पनबिजली केंद्र के रूप में जाना जाता है। यह अपने किस्म की सबसे बड़ी परियोजना है जो एक साल में 2.5 अरब किलोवॉट-घंटे बिजली उत्पादन करेगी। गौरतलब है कि ब्रह्मपुत्र नदी को तिब्बत में यारलुंग जांगबो नदी के नाम से जाना जाता है। यह नदी तिब्बत से भारत आती है और फिर वहां से बांग्लादेश जाती है।