अम्मान - राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने रविवार को जॉर्डन की राजधानी अम्मान में महात्मा गांधी के नाम पर एक मार्ग का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर इस मार्ग का नामकरण किया जाना स्वतंत्रता आंदोलन से जनता के संघर्ष के इतिहास को जोड़ता है और साथ ही उस शहर की मानव सम्यता के विकास को प्रदर्शित करता है जो सभ्यता का केंद्र रहा है। जॉर्डन और भारत के बीच रिश्तों को और मजबूत करने वाले इस कदम की राष्ट्रपति ने सराहना की।
इस अवसर पर मुखर्जी ने यहां शांति पार्क में जैतून का पौधा लगाया। अम्मान में सदजाग्लौल मार्ग के एक हिस्से का नाम महात्मा गांधी मार्ग रखा गया है। अम्मान के मेयर अकील बेल तागी ने समारोह में कहा कि इस मार्ग का नामकरण विशेष तौर पर भारतीय नेता के नाम पर रखने के लिए चुना गया क्योंकि यह भारत और दुनिया के इस हिस्से में शांति के लिए हुए संघर्ष के इतिहास को जोड़ता है। इस सडक़ को इसलिए चुना गया, क्योंकि सडक़ का एक हिस्सा शाही परिवार के एक सदस्य जो कि शाह अब्दुल्ला के भाई है, से जुड़ा है और दूसरा शांतिपूर्ण क्रांति से नेता सदजाग्लौल से जुड़ा है जो कि उस समय सक्रिय थे, जब महात्मा गांधी भी सक्रिय थे।
उधर, जॉर्डन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी के समर्थन का भरोसा दिलाया है। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) अनिल वाधवा ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला (द्वितीय) में हुई बातचीत के बाद बताया कि शाह ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्यता की भारत की किसी भी दावेदारी का समर्थन का भरोसा दिया है। इस अवसर पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को सिटी काउंसिल ने अम्मान की स्वर्ण कुंजी भेंट की। मेयर ने कहा कि यह अम्मान और दिल्ली के बीच मजबूत मैत्री और संबंधों का प्रतीक है।