जालंधर - आम आदमी पार्टी (आप) के केन्द्रीय नेतृत्व से नाखुश पार्टी की पंजाब इकाई के कार्यकर्ताओं ने चार अक्टूबर को जालंधर में विचार-विमर्श करने के लिए बैठक आयोजित करने का फैसला किया है, जिसमें पंजाब तथा हिमाचल के जिला प्रतिनिधियों द्वारा हिस्सा लिया जायेगा। पंजाब के गुरदासपुर से कार्यकर्ता सुखविंद्र सिंह काहलों ने आज प्रेस वार्ता में बताया कि पार्टी का नेतृत्व दिल्ली स्थित कुछ नेताओं के हाथों में केन्द्रित हो कर रह गया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थापना के समय जो लोग पार्टी के आदर्शों के कारण आप में शामिल हुए थे उनको धीरे- धीरे पार्टी से बाहर किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में उपस्थित प्रवीण राय ने कहा कि संजय सिंह , आशुतोष तथा अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दलीप पांडे शीर्ष नेताओं को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में सुधार लाने के लिए दलीप पांडे और संजय सिंह को लंबी छुट्टी पर भेज दिया जाना चाहिए।